हरिद्वार में चलती वोल्वो बस में अचानक आग लग गई. घटना के समय बस में 32 यात्री सवार थे. सभी सुरक्षित, लेकिन सामान जल गया.![]()
हरिद्वार: बहादराबाद थाना क्षेत्र में 2 जून मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया. हाईवे पर यात्रियों को लेकर जा रही एक बस में अचानक भीषण आग लग गई. हादसे के वक्त बस में दो विदेशी महिला यात्री भी सवार थे. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस उसकी चपेट में आ गई. हालांकि पुलिस और दमकल विभाग की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. बस में पीछे की तरफ रखा सामान जलकर राख हो गया. तत्काल राहत बचाव का कार्य करने पर विदेशी नागरिकों ने हरिद्वार पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया.
जानकारी के अनुसार, बस ऋषिकेश से राजस्थान के जयपुर जा रही थी. रात करीब 12 बजे बहादराबाद क्षेत्र के बढेड़ी राजपूताना गांव के पास हाईवे पर चलती वोल्वो बस में अचानक आग लग गई. आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई और साथ ही अफरातफरी का माहौल बन गया. चालक और परिचालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोक दिया.
सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह पुलिस टीम लेकर मौके पर पहुंचे और तत्काल फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी. इसी दौरान बस कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस धू-धू कर जलने लगी. लेकिन तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला. आग बस में तेजी से फैल गई और बस में पीछे की तरफ रखा यात्रियों का सामान आग की चपेट में आ गया और अधिकांश सामान जलकर राख हो गया.
पुलिस कर्मियों और फायर ब्रिगेड के जवानों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी. इस दौरान हाईवे पर दोनों तरफ जाम की स्थिति बन गई. आग बुझाने के बाद बस को साइड में लगाकर यातायात सुचारू कराया गया.
बहादराबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि, बस में कुल 32 यात्री सवार थे, जिनमें दो महिला विदेशी नागरिक भी शामिल थे. सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ. उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर आग शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के कारण लगने की आशंका जताई जा रही है. यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया.
विदेशी नागरिकों ने जताया उत्तराखंड पुलिस का आभार: बस में वैसे तो 32 यात्री सवार थे. यात्रियों को दिल्ली से उत्तराखंड और राजस्थान की यात्रा करनी थी. बस उत्तराखंड के ऋषिकेश से जयपुर जा रही थी कि हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में आग लग गई. बस में ब्राजील की दो विदेशी यात्री भी सवार थे. बस में पीछे की तरफ रखा, उनका सामान जल गया. लेकिन अन्य दस्तावेज उनके पास सुरक्षित थे. पुलिसर्मी सुरक्षा के मद्देनजर उन्हें थाने लाए और उनके गंतव्य तक जाने की व्यवस्था की. जाते वक्त दोनों महिलाओं ने उत्तराखंड पुलिस का आभार जताया और कहा कि वक्त पर पहुंचकर पुलिस टीम ने उन्हें बर्निंग बस से बचा लिया.