उत्तराखंड में आज सात जिलों में झमाझम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है. साथ ही बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.
देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज पल-पल बदल रहा है. देहरादून मौसम केंद्र ने आज फिर कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. साथ ही लोगों को सतर्क रहने की अपील की है.वहीं मानसून सीजन में पर्वतीय अंचलों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक जनजीवन प्रभावित है, भूस्खलन से सड़कों के क्षतिग्रस्त होने से लोगों की परेशानियां बढ़ी हुई हैं.
गौर हो कि मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड के पर्वतीय जनपदों व उधम सिंह नगर जनपद गरज व चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है. जबकि राज्य के हरिद्वार जनपद में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है. राज्य के देहरादून, टिहरी, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर एवं चंपावत जनपदों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अंदेशा जताया गया है. राज्य के पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश की संभावना जताई है.
राज्य के उधम सिंह नगर जनपद में कहीं-कहीं गरजन के साथ आकाशीय बिजली चमकने का भी पूर्वानुमान जताया है. इन जिलों में भारी बारिश को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है. साथ ही लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है. वहीं बात राजधानी देहरादून की करें तो यहां आज आसमान में मुख्यतः साफ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. सायंकाल व रात में हल्ती से मध्यम बारिश हो सकती है. अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान 36°C तथा 23°C के लगभग रहने की संभावना है.
उत्तराखंड में रुक-रुक कर बारिश का दौर लगातार जारी है. भारी बारिश से कई संपर्क मार्ग मलबा और बोल्डर गिरने से लगातार बाधित हो रहे हैं. जिससे लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. कई मार्गों पर भूस्खलन से वाहनों का आवागमन शुरू नहीं हो पाया है. जिससे लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है. वहीं भारी बारिश से नदी नाले उफान पर बह रहे हैं.
वहीं प्रदेश में भारी- बारिश से कुछ हिस्सों में आपदा जैसी स्थिति बनी हुई है. प्रदेश में वर्तमान में 100 से अधिक सड़के बाधित हैं. वहीं 21 जून से 12 अगस्त 2026 तक 211.10 करोड़ रुपए का नुकसान रोड के कारण हुआ है. मानसून सीजन में प्रदेश में स्टेट हाईवे की 135 सड़कें, विलेज मार्ग की 1575 सड़कें, मुख्य जिला मार्ग की 112 सड़कें, राष्ट्रीय राजमार्ग की 30 सड़कें, अन्य जिला मार्ग की 114 सड़कें, गावों को जोड़ने वाली 17 सड़कों के साथ ही अन्य 14 मार्ग बाधित हैं.