Congress Signature Campaign: हस्ताक्षर अभियान के तहत 23 नवंबर को कांग्रेस कार्यालय से राजभवन तक पदयात्रा निकाली जाएगी.
देहरादून: उत्तराखंड में आगामी साल 2027 में विधानसभा के चुनाव होने हैं. उससे पहले ही प्रदेश की राजनीतिक पार्टियों ने चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है. इसी क्रम में, कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रदेश भर में हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की है. इस अभियान के तहत 23 नवंबर को प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस कमेटी, लोक भवन तक पदयात्रा निकलेगी. साथ भी हस्ताक्षर अभियान से जुटाए गए हस्ताक्षर युक्त बैनर और पम्पलेट को कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल को सौंपेगी.
उत्तराखंड कांग्रेस ने मंगलवार यानी 10 नवंबर से पूरे प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान शुरू किया. कांग्रेस इस अभियान के जरिए अंकिता भंडारी हत्याकांड, भ्रष्टाचार के आरोपों, जमीन और नौकरियों से जुड़े मुद्दों और युवाओं की बेरोजगारी को लेकर जनता का समर्थन जुटाने की तैयारी में है. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने श्रीनगर के गोला पार्क से इस पखवाड़े की शुरुआत की. साथ ही कार्यकर्ताओं से गांव, बाजार, ब्लॉक, जिला और शहरों में जाकर लोगों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया है. इस अभियान के दौरान लोग बैनर पर हस्ताक्षर करेंगे. पंजीकरण शीट में अपना नाम एवं मोबाइल नंबर दर्ज कराएंगे. इसके बाद अभियान से जुटाए गए हस्ताक्षर राज्यपाल को सौंपे जाएंगे.
हस्ताक्षर अभियान की रूपरेखा भी कांग्रेस ने तय की है. जिसके पहले चरण यानी 10 से 15 नवंबर तक जिला, ब्लॉक और नगर स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान, कार्यकर्ता तैयार किए गए पर्चों और बैनरों पर लोगों से हस्ताक्षर करवाएंगे. इसके बाद 23 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से राजभवन तक पदयात्रा निकाली जाएगी. जिसमें प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा शामिल होंगी. इस पदयात्रा के जरिए, अभियान से जुटाए गए हस्ताक्षर राज्यपाल को सौंपगे. 25 से 30 नवंबर तक जिला और महानगर मुख्यालयों में नुक्कड़ नाटकों के जरिए प्रतीकात्मक अदालतें लगाई जाएंगी.
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश भर में हस्ताक्षर अभियान शुरू करने का निर्णय है. अभियान चलाने का सीधा मकसद अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में सरकार की ओर से जो अनियमितताएं बरती जा रही हैं उसका विरोध करना है. दो मंत्रियों के ऊपर लगे भ्रष्टाचार आरोप, प्रदेश का नौजवान सड़कों पर है. इसको लेकर हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया है.
-प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस
जहां कांग्रेस हस्ताक्षर अभियान के जरिए जनसमर्थन जुटाने की कोशिश कर रही है। तो वही, दूसरी ओर भाजपा ने भी चुनावी तैयारियों को गति दे दी है. 21 और 22 नवंबर को बीजेपी कार्य समिति की बैठक हरिद्वार में होने जा रही है. जिसे चुनावी रणनीति और संगठनात्मक तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. भाजपा के सामने चुनावी मुद्दों पर कांग्रेस के लगातार हमलों का जवाब तैयार करने की चुनौती है, जबकि कांग्रेस को अपने आरोपों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है.
कांग्रेस के नेता कभी परिवर्तन यात्रा, कभी धन्यवाद यात्रा, काफी न्याय यात्रा निकलते हैं. जब उनकी ये यात्राएं फ्लॉप हो गई तो अब हस्ताक्षर अभियान चलने की बात कह रहे हैं. कांग्रेस जो भ्रष्टाचार की बात कह रही है उसको वो सिद्ध करके भी दिखाए, सरकार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाने के बजाय अपने नेताओं के एकीकरण के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाए.


